22 तक संचार व्यवस्था पूरी करे बीएसएनएल : डीसी

नाहन (सिरमौर)। उपायुक्तविकास लाबरू ने भारत दूरसंचार निगम के अधिकारियों के साथ एक बैठक करते हुए निर्देश दिए कि जिला के दूर संचार सिग्नल से वंचित 90 मतदान केंद्रों पर 22 फरवरी तक दूर संचार व्यवस्था की जाए ताकि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान पार्टियों के साथ संपर्क बना रहे।
उन्हाेंने कहा कि जिला के सभी 530 मतदान केंद्रों पर टेलीफोन कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं ताकि मतदान के दौरान मतदान पार्टियों के साथ टेलीफोन के माध्यम से सीधा संवाद बना रहे। उन्हाेंने बताया कि शीघ्र ही मतदान केंद्रों में मोबाइल सिग्नल की उपलब्धता करवाई जाएगी। ऐसे स्थानों पर जहां मोबाइल सिग्नल उपलब्ध न हो लैंड लाइन दूरभाष तथा ग्रामीण पब्लिक दूरभाष की सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। चुनाव के दौरान जिला के सभी मतदान केंद्राें पर सीधे संपर्क बनाने के लिए वायरलेस सर्विस ब्रॉडबैंड का भी प्रयोग किया जाएगा।
उपायुक्त ने भारत संचार निगम लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 22 फरवरी तक जिला के सभी मतदान केंद्राें पर दूर संचार कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध करवाई जाए ताकि संवेदनशील तथा अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग पैनी नजर रख सके। उन्होंने बताया कि हर मतदान केंद्र के नजदीक स्थापित टेलीफोन को भी दुरुस्त रखा जाए ताकि किसी भी स्थिति में उनका प्रयोग किया जा सके ।

Related posts