शिमला। बर्फबारी के बाद ऊपरी शिमला में बंद पड़े मुख्य मार्ग शनिवार को बहाल हो गए लेकिन सड़क पर कोहरा जमा होेने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग -22 पर कुफरी, लंबीधार, गलू और फागू के बीच सड़क पर कोहरा जमा होने के कारण शनिवार सुबह वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। फागू और गलू के बीच वाहन स्किड होने के कारण बार बार जाम की स्थिति बनती रही। उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग-22 नारकंडा के पास भी शनिवार को बहाल हो गया। सड़क बहाल होने के बाद रामपुर और रिकांगपिओ रूट की बसें वाया नारकंडा ही रवाना की गईं। ठियोग-हाटकोटी राजमार्ग खड़ापत्थर के पास शनिवार को दोपहर बाद बहाल हो पाया। हालांकि सड़क पर फिसलन होने के कारण वाहन स्किड होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती रही। शिमला से चौपाल रूट पर भी शनिवार को बसें रवाना की गईं। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक अनिल सेन ने बताया कि अधिकतर मुख्य मार्गों पर बसें रवाना कर दी गई हैं। संपर्क मार्ग बंद होने के कारण कुछ रूट प्रभावित हो रहे हैं।