कुनबा बढ़ाने में जुटी नयनादेवी कांग्रेस

स्वारघाट (बिलासपुर)। नयनादेवी ब्लॉक कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी का कुनबा बढ़ाने में जुट गई है। इसके तहत कांग्रेस के सदस्यता अभियान को प्रत्येक पंचायत में चलाया जा रहा है। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर के पुत्र एवं बिलासपुर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विकास ठाकुर इस अभियान की कमान संभाले हुए हैं।
नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में सदस्यता अभियान के दौरान बैहल, कौड़ांवाली, कुटैहला और टाली जकातखाना पंचायतों के विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए विकास ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार ने कई जनहितैषी योजनाएं और कार्यक्रम चलाए हैं। राहुल गांधी ने युवाओं को आगे लाने के लिए कई कारगर कदम उठाए हैं। नयनादेवी विस क्षेत्र में सदस्यता अभियान करीब डेढ़ माह तक चलाया जाएगा। इस अवधि के दौरान प्रत्येक बूथ से लगभग 50 नए सदस्य बनाकर कांग्रेस को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को यूपीए व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं के बारे में जानकारी भी दी जाएगी। इस मौके पर नरवीर ठाकुर, गुरनाम चौधरी, सुभाष चंदेल, सरवण सिंह, प्रेमलाल गुड्डू, निर्भय सिंह और रवि चौधरी आदि भी उनके साथ थे।

 

Related posts