
बिलासपुर। शहर के चंगर सेक्टर स्थित चंदन वन में गत शुक्रवार रात एक बार फिर से चोरों ने चंदन के कई पेड़ों पर आरी चला दी। इसी बीच चंगर सेक्टर में गश्त कर रही पुलिस ने आहट सुनाई देने पर वहां तुरंत छापा मारा। पुलिस ने चंदन के पेड़ काट रहे जम्मू-कश्मीर के दो लोगों को रंगे हाथों धर दबोचा, वहीं एक फरार होने में सफल हो गया। भागने के प्रयास में एक आरोपी खुद ही गिरकर चोटिल भी हो बैठा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लंबे अंतराल के बाद चंगर सेक्टर में स्थित चंदन वन में गत शुक्रवार रात एक बार फिर से चंदन के पेड़ों पर धावा बोल दिया। रात के अंधेरे में उन्होंने चंदन के पेड़ों पर आरी चलानी शुरू कर दी। जिले में चोरी की बढ़ती वारदातों के मद्देेनजर पुलिस ने नाकाबंदी और गश्त बढ़ाई है। इसी दौरान चंगर सेक्टर में तैनात पुलिस दल गश्त करते हुए वहां से गुजरा। पेड़ काटने की आवाज सुनाई देने पर तुरंत हरकत में आते हुए पुलिस दल ने घेराबंदी करके वन कर्मियों के सहयोग से वहां छापा मार दिया। पेड़ काटते दो लोगों को उन्होंने धर दबोचा। हालांकि अंधेरे का लाभ उठाकर एक आरोपी भागने में सफल रहा। एक अन्य आरोपी ने भी भागने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे में गिरने की वजह से वह चोटिल हो बैठा। पुलिस ने चंदन के कटे हुए पेड़ों व लकड़ी के साथ जम्मू-कश्मीर के रियासी जिला के रहने वाले अशोक कुमार और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कपिल शर्मा ने बताया कि सदर थाना में आईपीसी की धारा 379 और 34 के तहत मामला दर्ज करके इसकी छानबीन की जा रही है। इस गिरोह के अन्य सदस्यों को दबोचने के लिए पकड़े गए दोनों लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। इस गिरोह से चोरी की कई अन्य वारदातों का सुराग मिलने की भी संभावना है। अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातों में उनके शामिल होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
