
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थानांतर्गत दधोलकलां गांव में पत्नी के साथ कहासुनी होने पर तैश में आए पति ने खुद को कमरे में बंद करके आत्मदाह करने का प्रयास किया। उसने कमरे में मौजूद सामान में आग लगा दी। परिवार के सदस्यों ने आस-पड़ोस के लोगों के सहयोग से बड़ी मुश्किल से उसे समय रहते बाहर निकाल लिया। इससे वह झुलसने से बच गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार दधोल पंचायत के दधोलकलां गांव के रहने वाले विकास चंद की गत शुक्रवार रात अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर तकरार हो गई। पारिवारिक झगड़े में पति तैश में आकर आपा खो बैठा। उसने खुद को कमरे में बंद करके वहां मौजूद सामान में आग लगा दी। इससे परिवार के सदस्य घबरा गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी वहां एकत्रित हो गए। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने बड़ी मुश्किल से किसी तरह दरवाजा खोलकर विकास को बाहर निकाला। इसमें पुरुषोत्तम समेत कुछ अन्य लोगों की अहम भूमिका रही। समय रहते बाहर निकाल लिए जाने से विकास झुलसने से बच गया। लोगों ने कमरे में रखे सामान में लगी आग भी बुझाई। बहरहाल, परिजनों की शिकायत पर भराड़ी पुलिस ने विकास के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
