
चंबा। सिंगी क्षेत्र के लापता मिस्त्री की मौत हो गई है। उसका शव एक नाले में पड़ा मिला है। पूर्ण चंद पुत्र नंद लाल (45) गांव निहूई पंचायत सिंगी बीती शुक्रवार शाम से लापता चल रहा था। वह मिस्त्री का कार्य करता था और बीते दिनों चनेड़ के समीप मिस्त्री का कार्य कर रहा था। बीती शाम को जब पूर्ण चंद अपने कार्य से घर वापस नहीं लौटा तो उसकी पत्नी व रिश्तेदारों ने उसकी खोज शुरू कर दी। देर रात तक ढूंढने के बाद उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने उसे ढूंढना शुरू किया तो पूर्ण चंद को निहूई नाले के पास पड़ा हुआ देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना द्रड्डा पुलिस चौकी को दी। एएसआई रजिंद्र की अगुवाई में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम कर इसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पूर्ण चंद की मौत ठंड के चलते हार्ट अटैक से हुई है। उधर, पूर्ण चंद की मौत से पूरे सिंगी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
डीएसपी हैडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और पुलिस जरूरी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।
