
धर्मशाला। केंद्रीय विश्वविद्यालय छतरी में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर एसपी कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अलग-अलग जिलों से पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। बैठक में आईजी नार्थन रेंज राकेश अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं। एसपी बलवीर सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रहेगी। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान हर नाकों में पुलिस जवान मुस्तैद रहेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा केंद्रीय एजेंसियां भी देखेंगी। साथ ही कांगड़ा पुलिस भी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि रविवार को शाहपुर आईटीआई मैदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रिहर्सल होगी। इसमें तमाम पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी को लेकर दिशा निर्देश भी दिए जाएंगे। इस रिहर्सल में एसपी, एएसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी होंगे। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान मुख्य मार्ग से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बाइपास मार्ग से वाहनों की आवाजाही होगी। इस मौके पर एएसपी मोहित चावला, डीएसपी हितेश लखनपाल, डीएसपी मनोज जोशी और मनमोहन सिंह उपस्थित रहे।
