
ठियोग (शिमला)। ठियोग के मत्याना के साथ लगते कालग गांव में हुई चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें देवराज (35) पुत्र सुंदरराम, गांव बदरौड़, बिलासपुर और महेंद्र (33) पुत्र धर्मचंद हमीरपुर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों क्षेत्र में मिस्त्री का काम करते हैं। डीएसपी ठियोग रतन सिंह नेगी ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस ने दोनों को शक के आधार पर हिरासत में लिया था। कड़ी पूछताछ पर दोनों ने आरोप कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही पुलिस आरोपियों से सामान भी बरामद कर लेगी। इधर, पुलिस थाना प्रभारी गुलाम अकबर ने जनता से अपील की है कि किसी भी नए व्यक्ति को क्षेत्र में देखने और शक होने पर इसकी पुलिस को सूचना दें। गौरतलब है कि कालग गांव निवासी रंगादेवी के घर से 29 जनवरी को करीब तीन लाख रुपये के गहनों समेत तीन हजार रुपये चोरों ने उड़ा लिए थे। आठ दिन की खासी मशक्कत के बाद पुलिस को चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल हुई है।
ज्यूरी बाजार में चोरी
ज्यूरी (शिमला)। ज्यूरी बाजार के मुख्य चौक पर एक दुकान में चोरी हो गई। चोर दुकान से पंद्रह हजार रुपये नकद और अन्य सामान ले गए। मेहता ट्रेडर्स के मालिक जय सिंह मेहता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
