बरसात ने खोली व्यवस्था की पोल

बददी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में वीरवार रात्रि से बारिश ने एक बार फिर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बेमौसम बारिश का पानी सड़कों पर आ गया, जिससे शहर की सड़कें पूरी तरह से पानी से सराबोर हो गई। जहां दुकानदार अपनी दुकानों से पानी निकालते हुए नजर आए, वहीं लोगों को शहर की सड़कों से गुजरना दूभर हो गया। नालागढ़, बद्दी, बरोटीवाला बाजारों में सबसे अधिक इसका खामियाजा दुकानदारों और लोगों को भुगतना पड़ा है। बारिश ने सभी विभागों सहित नप की कार्यशैली की पोल खोलकर रख दी है।

बरोटीवाला, झाड़माजरी में बारिश बनी मुसीबत
बद्दी। बद्दी बरोटीवाला, झाड़माजरी आदि क्षेत्रों में बारिश का पानी सड़कों पर आ गया, वहीं पानी ने तालाब का रूप धारण कर लिया। झाड़माजरी बस अड्डा पानी से भर गया। दुकानों में पानी घुस गया। दुकानदार विपिन, अश्विनी, अरविंद, कुलवीर, रमेश शर्मा, भगिंद्र, गुरमीत, बिल्लू, करतार नेगी, राजेश चाणक्य, राज, प्रेम, कुलविंदर, गुरनाम आदि ने कहा कि बारिश का पानी उनकी दुकानों में घुस गया जिससे उन्हें नुकसान झेलना पड़ा है। व्यापार मंडल के प्रधान गुरमीत ठाकुर ने थोड़ी सी बारिश होने पर सड़कों का पानी दुकानों में घुस आता है।

मौसम रहेगा परिवर्तनशील
लोगों ने इस बारिश से जहां गर्मी से राहत महसूस की वहीं किसानों ने मक्की की फसल की बुआई के लिए कमर कस ली। नौणी विवि के पर्यावरण विभाग के एचओडी डा. एसके भारद्वाज ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा।

Related posts