
सराहां (सिरमौर)। क्षेत्र में मौसम बिगड़ने से शुक्रवार तड़के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई। अचानक हुई ओलावृष्टि से दर्जनों नगदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। पच्छाद क्षेत्र के किसानों को बीते दिन देर रात से हो रही बारिश से जहां फसलों की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद जगी है। वहीं कुछ क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि से किसानों को भारी मायूसी हाथ लगी है।
डिंगर-किन्नर, मानगढ़, वासनी, चमेंजी, नेरी नावण, दाड़ो देवरिया, धारटिक्करी में ओलावृष्टि का व्यापक असर पड़ा है। किसानों ने बड़ी मात्रा में मटर, गोभी, लहसुन, प्याज, तुड़िया की बिजाई की हुई है। किसान रमेश कुमार, राजेश कुमार, प्रकाश दत्त, सुखचैन सिंह, भरत सिंह, नरपत सिंह, खेम सिंह, लायक राम, डिंगर किन्नर पंचायत प्रधान आशा ठाकुर आदि ने बताया कि क्षेत्र में बारिश तो हुई लेकिन ओलावृष्टि ने कई फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकतर ओलावृष्टि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई है। ग्रामीणों ने सरकार एवं विभाग से नुकसान का मुआवजा मांगा है। उधर इस संबंध में कृषि विभाग के एडीओ पच्छाद डा. राजकुमार ने बताया कि क्षेत्र में ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है उन्हें इसकी सूचना मिली है।
