
होली (चंबा)। होली क्षेत्र की सात पंचायतों में दो दिन से बिजली नहीं है। इस कारण ग्रामीणों को अंधेरे में बर्फीली सर्द रातें काटनी पड़ रही हैं। भारी बारिश एवं बर्फबारी होने के कारण वीरवार को साढ़े पांच बजे के करीब ग्राम पंचायत बजोल, न्याग्रां, दियोल, कुलेठ, होली, कुठेड़ और कुआंरसी में बिजली गुल हो गई है। इस कारण जहां कुछ लोग लैंप एवं मोमबत्ती जलाकर घर में उजाला कर रहे हैं, वहीं कई जगह ग्रामीणों को लकड़ी जलाकर घर में रोशनी करनी पड़ रही है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार, राजकुमार, प्रमोद चंद, ज्ञान चंद, कमल किशोर, रतन, अमर सिंह, प्रेम ठाकुर और देस राज ने बताया कि बिजली न होने के कारण उन्हें खाना बनाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके साथ ही स्कूली बच्चों को पढ़ाई करने में भी अड़चनें पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि इलाके में बार-बार बर्फबारी होने से ग्रामीण काफी तंग आ गए हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि होली क्षेत्र में बिजली की सप्लाई बहाल की जाए।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि ऐसी जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
