
उदयपुर। दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्र लाहौल घाटी में बर्फबारी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बर्फबारी के चलते बिजली बोर्ड सहित दूरसंचार निगम और सीमा सड़क संगठन के कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के बीच कर्मियों को बिजली और टेलीफोन की व्यवस्था सुचारु करने के लिए कई किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। सीमा सड़क संगठन को घाटी की अंदरूनी सड़कों से बार-बार बर्फ हटानी पड़ रही है। इन दिनों रोहतांग के साथ लगती कोकसर पंचायत के लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। यहां तीन-चार दिन से घुप अंधेरा छाया हुआ है। इसके साथ ही दूरसंचार सेवा भी ठप पड़ी है। वहीं, सिस्सू दूरसंचार केंद्र भी ठप पड़ा है। हालांकि, सिस्सू और कोकसर में दूरसंचार व्यवस्था ठप पड़ जाने का मामला दूरसंचार विभाग के ध्यान में है लेकिन कर्मचारियों को केलांग से सिस्सू और कोकसर पहुंचने में मौसम भी साथ नहीं दे रहा है। इस बीच जगह-जगह हिमखंड लुढ़कने का भी खतरा रहता है। बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता टशी दवा ने बताया कि पलचान और राहचला के बीच बिजली तारों में खराबी है। कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। बीएसएनएल के जेटीओ मोहित कुमार ने बताया कि गोंधला और सिस्सू के बीच ओएफसी कट गई है। मौसम खुलते ही संचार व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी। वहीं, सीमा सड़क संगठन को घाटी की अंदरूनी सड़कों से बार-बार बर्फ हटानी पड़ रही है। उपायुक्त लाहौल स्पीति वीर सिंह ठाकुर ने भी माना कि लाहौल घाटी में बर्फबारी के बीच काफी दिक्कत हो रही है।
