
रिकांगपिओ/सांगला(किन्नौर)। जनजातीय जिला में हिमखंड गिरने शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को भी युला में हिमखंड की चपेट में दो मकान और एक सेब का बागीचा आया है। हालांकि घरों को अधिक नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन सेब का बागीचा नष्ट हो गया है। प्रशासन ने घरों को खाली करवा कर लोगों को दूसरे स्थानों में शिफ्ट कर दिया है। वहीं, प्रशासन ने जिला में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और लोगों से अपील की है कि अपने घरों से बिना किसी काम के बाहर न निकले और न ही बर्फबारी में सफर करें।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार युला नाले में भारी हिमखंड आ गया। हिमखंड इतना बड़ा था कि उसका रास्ता ही बदल गया और वह रामकृष्ण नेगी और उसके भाई विजेंद्र सिंह के घर पर आ पहुंचा, लेकिन इससे घरों को अधिक नुकसान नहीं हुआ है, जबकि हिमखंड की चपेट में आने से गोपी लाल का सेब का बागीचा नष्ट हो गया है।
उपायुक्त किन्नौर कै.जेएम पठानिया का कहना है कि लोगों को दूसरे स्थानों पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में अपने घरों से बाहर न निकलें और न ही बर्फबारी में सफर करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने भारी बर्फबारी ने निपटने के पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं।
