
रोहड़ू। वन परिक्षेत्र बशला के तहत वन भूमि पर भलाड़ा गांव में अतिक्रमण को हटाते समय एक व्यक्ति ने विभाग के कर्मचारियों के साथ हाथापाई और गाली गलौज के बाद मारपीट की कोशिश की है। वन विभाग के रेंजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बशला वन परिक्षेत्र अधिकारी कृष्ण चंद ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि बुधवार को वन रक्षक बशला, मलखून, भलाड़ा के साथ भलाड़ा गांव में वन भूमि पर लगाए सेब के पौधोें को उखाड़ने गए थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान भलाड़ा गांव निवासी रधुवीर हाथ में दराट लेकर गाली गलौज करते हुए मौके पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति ने सभी लोगों को मौके पर मारने की धमकी दी। विभाग के कर्मचारियों को ड्यूटी करने से रोका है। पुलिस ने वन विभाग के रेंजर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। डीएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 353,447,506 के तहत मामला दर्ज कर दिया है। उन्होेंने कहा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
