
रोहड़ू। सिलाई कटाई कर्मचारी संघ ने बुधवार को रोहड़ू में बैठक कर अपनी समस्याएं उठाई। उन्होंने सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप भी लगाया है। संघ की बैठक राज्य प्रधान प्रोमिला चौहान की अध्यक्षता में हुई।
सिलाई कटाई कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया कि सरकार मात्र 1400 मानदेय देकर उनका शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि वे कई बार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सामने अपनी समस्याओं को रख चुकी हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोरे आश्वासन मिल रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उन्हें अनुबंध आधार पर वेतन दिया जाए। संघ ने आईटीआई प्रशिक्षित सिलाई कटाई अध्यापिकाओं को शिक्षा विभाग में क्राप्ट अध्यापक और विकास खंडों में सचिव, ग्राम सेविकाओं के पदों पर नियुक्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा प्रदेश में तीन हजार अध्यापिकाएं कई सालों से अपने हक के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई पहल नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोबारा समस्याओं का समाधान का आग्रह किया है। बैठक में संघ की प्रदेश महासचिव संदीपना, वरिष्ठ उप प्रधान नोरमा देवी, उपाध्यक्ष आशा शर्मा, कोषाध्यक्ष सुलेखा बिक्टा, सुनीता राठौर, रीना शर्मा, हिमबाला, हिरामणि, शारदा शर्मा, निरू महाजन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
