
केलांग। जिला लाहौल-स्पीति में चौबीस घंटों से जारी हिमपात के चलते कई हिस्सों में हिमखंडों के लुढ़कने की आशंका बन गई है। लाहौल स्पीति प्रशासन ने जिला के तमाम शैक्षणिक संस्थानों को छह फरवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। डीसी वीर सिंह ठाकुर ने भारी हिमपात के चलते सोमवार को आपदा प्रबंधन कमेटी की बैठक बुलाकर प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों और पुलिस जवानों से हर हालत से निपटने को मुस्तैद रहने का आग्रह किया। कारगा स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की इकाई और बीआरओ सितिंगरी तथा उदयपुर हेडक्वार्टर को मशीनरी तैयार रखने के आदेश दिए। लगातार बर्फबारी और बर्फीला तूफान चलने से हिमखंडों के खिसकने का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कारगा स्थित आईटीबीपी के जवानों को अलर्ट रहने को कहा। डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि हिमपात से बने हालातों के चलते सभी स्कूलों में 6 फरवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील है वह मौसम साफ होने तक एक गांव से दूसरे गांव तक न जाएं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मुताबिक विभाग के पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध है। आपातकालीन स्थिति के लिए जिला प्रशासन ने 01900-222501 दूरभाष नंबर हेल्प लाइन स्थापित की है। यह सेवा चौबीस घंटे जारी रहेगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. शमशेर सिंह पुजारा, उप पुलिस अधीक्षक तेजेंद्र वर्मा, लोनिवि के कार्यकारी अधिशासी अभियंता एचआर भारद्वाज समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कहां कितनी हुई बर्फबारी
केलांग 60 सेंटीमीटर
कोकसर 75 सेंटीमीटर
गौशाल 60 सेंटीमीटर
जाहलमा 40 सेंटीमीटर
उदयपुर 30 सेंटीमीटर
दारचा 60 सेंटीमीटर
रोहतांग दर्रा और कुंजम दर्रा में करीब 90 से 95 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात होने की सूचना है।
