
सिहुंता (चंबा)। सिहुंता क्षेत्र के पंजला-कियोड़ मार्ग पर टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन अन्य घायल हो गए। दो गंभीर घायलों को टांडा रेफर कर दिया गया है। रविवार शाम करीब पौने पांच बजे टाटा सूमो (एचपी 01 सी 0824) छोंटलू गांव से टुंडी की तरफ जा रही थी और बीच रास्ते में मेहली गांव के पास अनियंत्रित होकर 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इससे गाड़ी में सवार सुरेंद्र कुमार पुत्र हुकमी राम (23) निवासी गांव पिहोरा, पंचायत काथला, उप तहसील सिहुंता की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही क्रांति पुत्र दौलत राम गांव कुम्हार तहसील पांगी, नारायण सिंह पुत्र डलकू राम गांव ओंद थाना नुरपुर व लाट राम पुत्र बंशी गांव बिहोरा पंचायत काथला घायल हो गए हैं। गंभीर घायल क्रांति व नारायण का टांडा अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसआई नुरूप गुलेरिया की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके का दौरा किया और घायलों को पीएचसी समोट लाया गया। इसके बाद दो घायलों को टांडा रेफर किया गया। मृतक सुरेंद्र कुमार का सोमवार सुबह समोट पीएचसी में पोस्टमार्टम किया गया। उधर, वाहन चलाने वाले व्यक्ति का पुलिस को पता नहीं चल पाया है। दोनों घायल व्यक्ति बयान देने की हालत में नहीं है। इससे पुलिस उनका बयान नहीं ले पाई है। एसडीएम भटियात अमित मैहरा ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया और मृतक परिवार के परिजनों को पांच हजार रुपये फौरी राहत राशि प्रदान की। एसडीएम ने बताया कि गंभीर घायलों के इलाज के लिए प्रशासन मदद देगा। उनके साथ लोनिवि के एसडीओ अशोक कौंडल व जेई सुशील धीमान भी मौजूद रहे। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान ने बताया कि आरंभिक जांच के अनुसार हादसा वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। वाहन चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 337, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
