
भरमौर (चंबा)। लघु संयुक्त भवन पट्टी में एडीएम भरमौर डा. जितेंद्र कंवर की अध्यक्षता में व्यापार मंडल भरमौर की बैठक आयोजित की गई। इसमें एडीएम भरमौर ने सभी दुकानदारों, ढाबे मालिकों से रेट लिस्ट लगाने के आदेश। उन्होंने धूम्रपान व तंबाकू उत्पाद न बेचने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर कोई दुकानदार तंबाकू बेचते पाया गया, तो उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। खासतौर पर सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू निषेध पर बल देने और सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू निषेध के पोस्टर लगाने के भी निर्देश दिए। एडीएम भरमौर ने फूड सप्लाई के निरीक्षक को भी आदेश दिए हैं कि वे घटिया, एक्सपायर वस्तुएं व तय कीमत से ज्यादा रेट पर सामान बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करें। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रधान मनोज ठाकुर ने व्यापारियों की समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में कारोबार करने वाले व्यापारियों को दूसरे क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा भाड़ा देना पड़ता है। ऐसे में कुछ वस्तुएं के रेट बढ़ाने पड़ते हैं। इस पर एडीएम भरमौर ने व्यापारियों को लिखित में मांगपत्र देने को कहा। बैठक में देसराज, सुन्नु कुमार, राजेश मौजूद रहे।
