
नूरपुर (कांगड़ा)। शहर के समीप गांव खुशीनगर में चोरों ने रविवार को दिनदहाड़े एक घर में सेंध लगाकर नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर लॉकर से 1 लाख 50 हजार रुपये की नकदी और 40 ग्राम सोने के आभूषणों के साथ-साथ पुराना लैपटाप व कैमरा चोरी किया है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता दीपक पठानिया निवासी खुशीनगर ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि वह रविवार को अपने परिवार के साथ पठानकोट किसी निजी काम के लिए गया था। शाम को जैसे ही वह घर वापस पहुंचा तो घर का मेन गेट खुला देखकर उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। शिकायतकर्ता ने फौरन घर के भीतर जाकर देखा तो घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारी भी खुली पड़ी थी। अलमारी से गहने और नकदी गायब देखकर शिकायतकर्ता के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी सूचना नूरपुर पुलिस थाने में दी। इस वारदात की सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस भी हरकत में आ गई और डीएसपी राजीव अत्री व एसएचओ बहादुर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया तथा स्थिति का जायजा लिया। इस बाबत नूरपुर पुलिस ने भादंसं की धारा 457 व 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच का जिम्मा सब इंस्पेक्टर चरण सिंह को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि नूरपुर पुलिस इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
