
कांगड़ा। एक विवाहता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कांगड़ा पुलिस थाना प्रभारी मोहिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि 35 वर्षीय महिला कांगड़ा के पुराना बस अड्डा के पीछे की रहने वाली थी। मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति से अलग अपने मायके मेें कई वर्षों से रह रही थी। उसके पति की मौत चार दिन पहले 23 जनवरी को बीमारी के चलते हुई थी।
पति की मौत की सूचना मिलते ही महिला अपने ससुराल कांगड़ा पहुंची। इस दौरान उसके पति के परिजन आधी रात तक घर के बरामदे में बैठे रहे। रात को ज्यादातर परिजन बरामदे में ही सो गए। उसके बाद महिला ने कमरे में जाकर पंखे से फंदा लगा लिया। पुलिस के अनुसार सुबह बच्चों ने जब उसे देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। एसएचओ ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि महिला काफी समय से मानसिक तनाव में थी। महिला की शादी 2003 में हुई थी ओर उसकी दो लड़कियां हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
