
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। सरकार के शीतकालीन प्रवास के अंतिम चरण में पूर्ण राज्यत्व दिवस के बहाने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा जिला के लिए पिटारा खोल दिया है। देहरा में हुए कार्यक्रम में अधिकांश घोषणाएं कांगड़ा जिला के लिए हुईं। ज्वालामुखी अब इस जिला में नया सब डिवीजन होगा। मुख्यमंत्री ने यहां एसडीएम दफ्तर खोलने का ऐलान कर दिया। हालांकि ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न लंबे समय से यहां बीडीओ दफ्तर खुलवाने के लिए भी मेहनत कर रहे थे। इसके लिए ज्वालामुखी देहरा सब डिवीजन पर ही निर्भर था।
मुख्यमंत्री ने इस इलाके के कई स्कूलों को एक साथ अपग्रेड कर दिया। राजकीय कन्या उच्च पाठशाला देहरा को सीनियर सेकेंडरी, हाई स्कूल बह-टौंटा को सीनियर सेकेंडरी और मिडल स्कूल शिवनाथ को हाई स्कूल किया गया। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय कन्या उच्च पाठशाला परागपुर को सीनियर सेकेंडरी और राजकीय कन्या उच्च पाठशाला गरली को भी जमा दो तब बढ़ाया गया। हरिपुर और गंगथ को नई उप तहसीलें मिल गईं। पंचरुखी के लिए पहले ही मुख्यमंत्री ऐलान कर चुके हैं। सिविल अस्पताल जयसिंहपुर को 50 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी पहले हो गई थी। सीएम ने शहीद भुवनेश डोगरा स्टेडियम के विकास के लिए 40 लाख दिए।
