
फतेहपुर (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने फतेहपुर विधानसभा हलके के दौरे के दौरान करोड़ों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इसके उपरांत उन्होंने रामलीला ग्राउंड में जनसभा के दौरान घोषणाओं की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कबीना मंत्री सुजान सिंह पठानिया की मांग पर फतेहपुर में बीएमओ दफ्तर खोलने तथा सुगभटोली कॉलेज के सरकारीकरण करने की घोषणा की। इसके साथ ही फतेहपुर विस क्षेत्र के छह स्कूलों को अपग्रेड करने का भी उन्होंने ऐलान किया।
इनमें राजकीय उच्च पाठशाला गोलवां व बडियाली को स्तरोन्नत कर सीनियर सेकेंडरी करने, मिडिल स्कूल कोहलड़ी को हाई स्कूल, प्राइमरी स्कूल झुम्ब व रींग को मिडिल स्कूल करने तथा मिडिल स्कूल लुठियाल को हाई स्कूल करने व अगले साल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि फतेहपुर प्रवास से पूर्व उनके मन में हलके के नुमाइंदे सुजान सिंह पठानिया के कद और हैसियत के हिसाब से उनकी मांगों की सूची अन्य विधायकों व मंत्रियों के मुकाबले लंबी-चौड़ी होने की चिंता सता रही थी। साथ ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इशारों में लोकसभा चुनाव में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से चौधरी चंद्र कुमार के प्रत्याशी होने के भी संकेत दे दिए। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल फतेहपुर के स्टाफ की तरफ से मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 हजार रुपये का चेक भेंट किया गया।
