
कुल्लू। भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार और स्थानीय विधायक महेश्वर सिंह का कहना है कि जिले में चोरी की घटनाएं देव समाज तथा जिलावासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इससे देव समाज भी आहत है। मंदिरों में हो रही चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि जिस तरह रघुनाथपुर मंदिर में चोर घुसे हैं, वह समझ से बाहर है। मंदिर में चांदी का सामान काफी था। भगवान रघुनाथ के हाथों से सोने के कड़ों को चोर उड़ा ले गए हैं। दो मूर्तियों को सिंहासन से बाहर निकालकर रखा गया था और इन मूर्तियों से भी कडे़ गायब थे। माता सीता की मूर्ति को भी चुराने की कोशिश की गई है। मंदिर के भीतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को दोष नहीं देता हूं। पुलिस फोर्स पूरी तरह प्रयास में जुटी है, लेकिन जिला में पुलिस फोर्स की संख्या बहुत कम है। उन्होंने चिंता जताई कि शहर के साथ सटे मंदिर में ही चोर घटना को अंजाम दे गए, तो ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों क्या होगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण मंदिरों में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है गश्त दल को बढ़ाया जाए। वहीं, उन्होंने कहा कि वन विभाग में भी फील्ड स्टाफ का टोटा है। वन तस्करी के मामले भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे होने जरूरी हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि मंदिरों के लिए गन लाइसेंस सहित सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाए।
आज होगा रघुनाथ मंदिर का शुद्धिकरण
भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने बताया कि 25 जनवरी को भगवान रघुनाथ के मंदिर का शुद्धीकरण होगा। इसके बाद भगवान रघुनाथ, माता सीता, हनुमान और नार सिंह भगवान की मूर्तियों को मंदिर में रखा जाएगा।
