एके एंटनी से मिले विधायक रवि ठाकुर

मनाली। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रोहतांग टनल के निर्माण कार्य की गति धीमी होने पर लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने चिंता जाहिर की है। रवि ठाकुर ने दिल्ली में रक्षा मंत्री एके एंटनी को वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने टनल का कार्य युद्धस्तर पर करवाने का आग्रह किया। उन्होंने अनुरोध पत्र देकर टनल के कार्य में गंभीरता दिखाने की अपील की। उन्होंने रक्षा मंत्री को अवगत करवाया कि लेह-लदाख में सेना की रसद आसानी से पहुंचाने तथा लेह और लाहौल घाटी को 12 महीने देश से जोड़े रखने के मकसद से 28 जून 2010 को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के कर कमलों द्वारा रोहतांग टनल का शिलान्यास हुआ था। बीआरओ की देखरेख में स्ट्राबेग तथा एफकोन कंपनी को संयुक्त रूप से इस टनल के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने अवगत करवाया कि इस टनल को पूरा करने का लक्ष्य 2015 रखा गया था, लेकिन जिस गति से इस टनल का काम चला हुआ है, उससे इस अवधि में काम पूरा करना नामुमकिन लग रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम की विपरीत परिस्थितियों से अवगत कंपनियों ने समय पर टनल का काम पूरा होने की बात कही थी। उन्होंने रक्षा मंत्रालय से रोहतांग टनल निर्माण कार्य की समस्त जानकारी दिलाने का भी आग्रह किया। ठाकुर ने कहा कि रोहतांग टनल के बन जाने से लाहुल घाटी साल भर के लिए शेष विश्व से जुड़ी रहेगी। रवि ठाकुर ने बताया कि वह जनजातीय लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं।

Related posts