
मनाली। देवभूमि कुल्लू में देवताओं के मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं। यहां दिनप्रतिदिन चोरी की वारदातों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। उधर, पुलिस का दावा है कि चोर जल्द गिरफ्त में होंगे। आज तक घाटी के दर्जनों मंदिरों में चोर वारदातों को अंजाम दे चुके हैं लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। ऐतिहासिक मंदिरों की सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
लगातार हो चरी चोरियों से देव समाज भी आहत है। लोगों का कहना है कि पिछली चोरियों की वारदातों में पुलिस ने यदि कोई चोर गिरोह पकड़ा होता तो आज शायद चोरी की घटनाएं न होतीं।
कुछ दिन पहले सबसे सुरक्षित कुल्लू के आराध्य देव रामचंद्र के मंदिर में चोरी हुई। इससे पहले हलाण में बासुकीनाग देवता के भंडार में चोरी हुई थी। लोगों का कहना है कि हलाण से चोरी करते गांव वासियों की ओर से पकडे़ गए चोरों से भी कुछ सुराग उगलवाने में पुलिस नाकाम रही। इससे पहले देवी-देवताओं के मंदिरों में हुई चोरियों में भी अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। देवता जम्दगिभन ऋषि जगतसुख के कारदार हंस राज शर्मा ने बताया कि बड़ी खेद की बात है कि पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 मेें शिरघन नाग की चोरी का सुराग लगाने में भी पुलिस नाकाम रही है। हलाण देवता बासुकी नाग की चोरी करते हुए रंगे हाथ पकडे़ गए चोरों से पुलिस कुछ भी उगलवाने में नाकाम रही है। इसका परिणाम यह हुआ कि कुल्लू के आराध्य देव रघुनाथ के मंदिर में चोरी हुई। देवी हिडिंबा और मनु ऋर्षि के कारदार रोहित राम शर्मा ने बताया कि लगातार बढ़ रही चोरी से देव समाज आहत है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शिमला में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मात्र एक सप्ताह में ही दिल्ली से चोरों को पकड़ कर चोरी का मामला सुलझा दिया था। हामटा में देवता जम्दगिभन ऋर्षि के कारदार लोत राम ठाकुर, वश्ष्ठि ऋषि के कारदार पन्ना लाल, देवता शिरघन नाग के कारदार तेज राम, देवता कार्तिक स्वामी सिमसा के कारदार युव राज जागनी महामाई के कारदार गुप्त राम ने कहा कि कुल्लू में हर रोज देवताओं की और देवताओं के बहुमूल्य सोने चांदी के आभूषणों की चोरी से देव समाज में रोष व्याप्त है। कहा कि यदि रघुनाथ मंदिर में हुई चोरी सहित पिछली चोरियों के आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा जाता है तो वे मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
उधर, एसपी कुल्लू विनोद कुमार धवन ने कहा कि चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस दिन-रात एक कर रही है। चोरों की धरपकड़ को विशेष टीमों का गठन भी किया गया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द चोर सलाखों के पीछे नजर आएंगे।
