
हमीरपुर। नगर परिषद का वार्ड नंबर तीन एकमात्र ऐसा वार्ड है, जहां पर नगर परिषद द्वारा डोर-डोर कूड़ा उठाने की योजना को पूरी तरह लागू किया गया है। बावजूद इसके वार्ड से गुजर रहे नाले में कूडे़ के ढेर लगे हुए हैं। अधिकतर रास्तों को पक्का कर दिया गया है, फिर भी कुछ एक स्थानों पर समस्या बनी हुई है। वार्ड से गुजरने वाली सड़क लोगाें के अतिक्रमण के चलते दिन प्रतिदिन सिकुड़ रही है।
वार्ड में सीवरेज समस्या बनी हुई है। नाले किनारे बसे परिवारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड बाशिंदों राजेश कुमार, बीएस चौहान, शिव कुमार, सुनील शर्मा आदि ने बताया कि सीवरेज पानी को ड्रेनेज पाइप में डालकर नाले में छोड़ा जा रहा है जिस कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड नंबर तीन में पिछले 15 दिनों से बिजली की आंख मिचौली चली हुई है। सुबह सात बजे बिजली गुल हो जाती है और साढ़े नौ दस बजे के करीब आती है। लाइट जाने से लोगों को परेशानी पेश आती है और उनके रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है। स्ट्रीट लाइटों की आंख मिचौली चली रहती है। लोगों के घरों के पास लगी लाइटें ठीक हैं लेकिन सड़क किनारे सुनसान क्षेत्रों में लगी लाइटें खराब होने के बाद ठीक करने में काफी समय लग जाता है।
वार्ड नंबर तीन के लोग भी नाले के तटीकरण की राह देख रहे हैं। नाले के तटीकरण से नाले किनारे बसे लोगों को रास्ते का लाभ भी मिलेगा और नाले से होने वाली समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। नाले का करीब 40 फीसदी कार्य हो चुका है। बजट के अभाव में नाले का कार्य रुका पड़ा है।
वार्ड नंबर तीन निवासी पुष्पा देवी ने बताया कि पिछले 15 दिनों से सुबह करीब सात बजे बिजली गुल हो जाती है और साढ़े नौ बजे के करीब आती है। इससे समस्या बनी हुई है। अमरजीत ने बताया कि सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है और कुछ एक गलियों में भी सुधार की जरूरत है। निवासी एवं पूर्व पार्षद परमजीत सिंह ने बताया कि सड़क पहले ही तंग है, जानते हुए भी लोग कहीं भी सामान उतार देते हैं। आने जाने में दिक्कत होती है। अधिकतर घरों का पानी सड़क पर छोड़ दिया गया है जिस कारण सड़क उखड़ रही है।
उधर वार्ड पार्षद अनिल सोनी का कहना है कि करीब 25 लाख रुपये की लागत से रास्तों और गलियों को पक्का किया गया है। नाले के तटीकरण का कार्य 40 फीसदी हो गया है। बजट के अभाव में आगे का कार्य रुका है। सामान फेंकने के लिए डंपिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। वार्ड में कूड़ा उठाने के लिए डोर टू डोर सर्विस शुरू की गई। नाले में कूड़ा किसने फेंका जांच की जाएगी। सीवरेज और स्ट्रीट लाइट समस्या उनके ध्यान में नहीं आई है। ऐसा है तो मौके पर जाकर समस्या को दूर किया जाएगा।
