
सांगला (किन्नौर)। घाटी में एक बार फिर बर्फबारी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह से शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक 60 सेंटीमीटर तक पहुंच गई थी। इधर, जिला प्रशासन ने भी किन्नौर घाटी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में 13 फरवरी तक अवकाश की घोषणा कर दी गई है। जबकि, क्षेत्र में बिजली-पानी की आपूर्ति एक बार फिर बंद हो गई है। रिकांगपिओ, कल्पा, सांगला, छितकुल, नाको, कोठी कश्मीर, ब्रैलंगी, तैलंगी, रोधी, पांगी, खवांगी, पौवारी, किल्बा, सापनी, बटुरी, कनई, ब्रुआ, शौंग चांसु, कामरू, बटसेरी, रकक्षम, छितकुल, रिब्बा, स्कीबा, खदरा, आकपा, रारंग, मुरंग, जंगी, ठंगी, लंबर, लिप्पा, आसरंग, स्पीलो, कानम, लाबरंग, नैसंग, रोपावैली, पूह, डुबलिंग, नमज्ञा, खाब, हांगो, चुलिंग, लियो, यंगथंग, चांगो, शलखर, सुमरा, करच्छम, चौलिंग, टापरी, भावानगर, निगुलसरी, चौरा, निचार, बरी, तरांडा, ननसपो, शिलानी, कफौर, पानवी, छोटा कंबा, बड़ा कंबा, गरशु, शौरंग, रोकचरंग, काचरंग, रूपी और नाथपा सहित अन्य क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो रही है। उपायुक्त किन्नौर कै. जेएम पठानिया ने कहा कि जिले में हो रही बर्फबारी के चलते जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा स्कूलों में 13 फरवरी तक अवकाश रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। बर्फ हटाने के लिए प्रशासन के पास तीस मशीनें भी मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने घरों से बिना काम के बाहर न निकलें। इधर, सीमा सड़क संगठन के सहायक अभियंता प्रशांत दुबई का कहना है कि मौसम साफ होते ही मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
