
ऊना। भारी बारिश के बीच बुधवार शाम करीब छह बजे एकाएक शहर में बत्ती गुल हो गई। बारिश और हाड कंपकंपा देने वाली ठंड के बीच घरों में चल रहे हीटर और ब्लोर आदि भी बंद हो गए। लोगों को इससे भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार को सुबह से ही मूसलाधार बारिश जारी रही। बीच-बीच में बारिश तेज भी होती रही। इससे ऊना शहर में सन्नाटा सा पसरा रहा। भारी बारिश के कारण जिला मुख्यालय ऊना, अंब, बंगाणा, चिंतपूर्णी, गगरेट, मैहतपुर, संतोषगढ़ व हरोली समेत तमाम इलाके शीत लहर की जद में आ गए हैं। शाम के समय बत्ती गुल होने से लोग रजाइयों में घुसे रहे। पूरे शहर में अंधेरा छाए रहने के कारण लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हुई। सुबह से शुरू हुई बारिश लगातार जारी रही। बारिश और ठंड के कारण कारोबार भी ठंडा रहा। शहर के कई कारोबारी ठंड के कारण अपनी दुकानें बंद करके घरों को चले गए। शाम के समय ऐन मौके पर बत्ती गुल होने से शहर वासियों की चिंताएं बढ़ गईं। ऊना शहर के कारोबारी अमित कुमार, नरेंद्र कुमार, जीवन सिंह, सुनील कुमार, राजेश राणा, सोनूू सैणी, प्रदीप कुमार व राजीव कुमार आदि ने कहा कि ठंड के कारण कारोबार ठंडा रहा। ठंड से बचने के लिए जब वे घर पहुंचे तो बत्ती गुल होने से परेशानी और बढ़ गई। उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता मस्त राम शर्मा से इस संदर्भ में बात की गई तो उन्होंने कहा कि विद्युत लाइन में टेक्निकल फाल्ट के चलते समस्या पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति को सुचारू करने के प्रयास जारी हैं।
