
रामपुर बुशहर। शिमला जिला प्रवक्ता संघ ने खराब मौसम और बर्फ से रास्ते बंद होने के चलते शीतकालीन स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाने की मांग की है।
जिला शिमला प्रवक्ता संघ के अध्यक्ष हरि शर्मा, महासचिव यशपाल ठाकुर, मुख्य संगठन सचिव एमएल टेकटा, संरक्षक पीएन शर्मा, उपप्रधान दुर्गा मेहता, वरिष्ठ उपप्रधान जगदीश कश्यप और सलाहकार संजोग भूषण ने कहा कि जिले के शीतकालीन स्कूल सात फरवरी से खुलने हैं। लेकिन, अभी तक कई जगहों पर बर्फ से बंद रास्ते खुल नहीं पाए हैं। इधर, सोमवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर बर्फ गिरी है। इसके चलते जो रास्ते खुल चुके थे, वे भी बंद हो गए। इससे विद्यार्थियों का स्कूल पहुंचना मुश्किल है। बर्फबारी से ठंड भी काफी बढ़ चुकी है। यहां के अधिकांश स्कूलों में ठंड से निजात दिलाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। इसलिए छुट्टियां बढ़ाना आवश्यक हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की कि तमाम दिक्कतों को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाई जाएं।
