जनता दूसरे दिन भी हुई परेशान

रामपुर बुशहर। टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में दूसरे दिन भी निजी वाहन ऑपरेटर हड़ताल पर रहे। वहीं ऑपरेटरों ने दूसरे दिन पुराने बस अड्डे से लेकर एसडीएम कार्यालय तक विरोध रैली निकाली। प्रदेश सरकार और परिवहन मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दिनभर न तो टैक्सियां चलीं, न ही निजी बसें। पिकअप और ऑटो सेवाएं भी बंद रही। इसके चलते लोगों को आवागमन में खासी दिक्कतें पेश आई। दिन भर बस अड्डे में लोगों की भीड़ लगी रही। जबकि ऑटो न चलने से खनेरी अस्पताल, चूहाबाग, पिपटी, नोगली, खोपड़ी सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी परेशानियों से दो चार होना पड़ा। हालांकि पथ परिवहन निगम ने खनेरी अस्पताल के लिए एक बस सेवा शुरू कर दी है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है।
बुशहर टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के चेयरमैन राजू शर्मा, वाइस चेयरमैन अभिषेक, भीमाकाली बस ऑपरेटर यूनियन के चेयरमैन कैलाश गोस्वामी, प्रधान खेलचंद नेगी, सचिव बबलू, ऑटो यूनियन प्रधान देवी चंद गौतम, महासचिव मस्त राम ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता आंदोलन जारी रहेगा। वहीं लोगों को आ रही परेशानियों के लिए उक्त लोगों ने आमजन से सहयोग की अपील की है।
…..
बाक्स…
निजी ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते खासकर ग्रामीण रूटों पर बसें नहीं चलने से लोगों को घर पहुंचने में दिक्कतें पेश आईं। टैक्सियां भी हॉयर नहीं हो सकी। लोगों में मनोज कुमार, प्रदीप शर्मा और देविंद्र सिंह का कहना है कि हड़ताल के कारण बाजार से घर जाने में भारी परेशानियां पेश आ रही है क्योंकि क्षेत्र में लोग निजी बसों पर ही निर्भर है। पथ परिवहन निगम के पास बसें कम होने के चलते पहले ही कई रूटों पर बस सेवा बंद चल रही है।

Related posts