
हमीरपुर। शहर से करीब सात किलोमीटर दूर गुद्धवीं पंप हाउस में मोटर की चपेट में आने से ऑपरेटर की मौत हो गई। घटना सोमवार देर सायं घटी। मृतक की पहचान बफड़ी निवासी प्यार चंद (44) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। प्यार चंद सोमवार देर सायं गुद्धवीं पंप हाउस में नाइट ड्यूटी के लिए गया। ठंड के कारण उसने शाल ओढ़ रखी थी। बताया जा रहा है कि शाल मशीन की चपेट में आ गई। इससे वह भी मशीन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। पंपिंग न होने से पानी टैंकों में नहीं पहुंच सका। इससे सप्लाई बाधित हुई। छियोड़ी में पानी नहीं पहुंचा तो आईपीएच विभाग के कर्मचारी सुरेंद्र कुमार ने प्यार चंद से दूरभाष पर संपर्क करना चाहा। प्यार चंद का मोबाइल नंबर नहीं मिल रहा था। इसके चलते करीब सवा आठ बजे सुरेंद्र कुमार स्वयं पंप हाउस पहुंचा। जब उसने दरवाजा खोलना चाहा तो वह बंद था। प्यार चंद को आवाजें भी लगाईं लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। उसने पंप हाउस की खिड़की से झांक कर देखा तो प्यार चंद मोटर पर गिरा हुआ था। इसकी सूचना उसने विभाग और स्थानीय लोगों को दी। इसके चलते लोगों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पंप हाउस का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में ले लिया है। प्यार चंद ठेकेदार के तहत पंप हाउस में तैनात था। वह अपने पीछे तीन बच्चे और पत्नी को छोड़ गया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जांच की जा रही है।
