दीदग के पास 33 केवी लाइन बर्फ से क्षतिग्रस्त

नौहराधार (सिरमौर) बीती शनिवार तड़के हुई बर्फबारी का असर क्षेत्र में रविवार दिन भर दिखा। बर्फ के चलते अभी भी नौहराधार क्षेत्र के तकरीबन 5 महत्वपूर्ण सड़क मार्ग रविवार को भी पूरी तरह से बंद रहे। इसके चलते नौहराधार-हरिपुरधार, हरिपुरधार-संगड़ाह, हरिपुरधार-कुपवी, संगड़ाह-गत्ताधार, रोनहाट-हरिपुरधार जैसे मार्गों पर बस सेवाएं बहाल नहीं हो सकीं।
उधर रविवार को क्षेत्र के जिन सड़क मार्गों पर वाहन सेवाएं बहाल हुई हैं उनमें नौहराधार-राजगढ़, नौहराधार-टौंडा, नौहराधार-संगड़ाह-पालर, रोनहाट-नेरवा-चौपाल, रोनहाट-शिलाई, नाहन- देवना थनगा मुख्य रुप से शामिल हैं। लोनिवि संगड़ाह मंडल के अधिशाषी अभियंता यशपाल कौशल ने बताया कि बंद पड़े मार्गों पर कार्य चल रहा है। लेबर के साथ जेसीबी मशीनें भी लगाई गई हैं।
क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बीच रविवार को कई स्थानों पर चटख धूप खिली रही मगर 38 पंचायतों में 2 दिनों बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। नौहराधार के दीदग के पास विद्युत बोर्ड की 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं नौहराधार के पास बोर्ड के ट्रांसफार्मर के करीब स्थित एक बिजली पोल गिर गया जिसके चलते 10 पंचायतों में बिजली गुल हो गई।
विद्युत उपमंडल चाढ़ना के सहायक अभियंता एमआर भारद्वाज ने बताया कि 33 केवी लाइन को रविवार देर शाम तक ठीक कर लिया जाएगा। जबकि नौहराधार में गिरे पोल से एक दो दिनों के भीतर विद्युत बहाल हो सकेगी।

Related posts