
चंबा। शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए अधिक प्रयास करने के निर्देश देते हुए उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि खुली नालियों को कवर करने के लिए सीमेंट के ढक्कनों को लगाने की व्यवस्था करवाई जाए। सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि गलियों से कूड़ा-कर्कट उठाने के लिए छोटी गलियों के अनुरूप हाथ से चलने वाली रेहड़ियों को प्रयोग में लाया जाएगा। हर घर से कूड़ा-कर्कट उठाने की प्रक्रिया समस्त वार्डों में शुरू होने से निकट भविष्य में सफाई व्यवस्था ठीक हो जाएगी। उपायुक्त ने इस बैठक में पक्काटाला घार और भट्टी नाला घार की रोकथाम के लिए तकनीकी ढंग से कार्य करने के आदेश दिए और संबंधित विभागीय अधिकारियों व एसडीएम बचन सिंह को संयुक्त रूप से निरीक्षण करने की बात कही। उन्होंने हरदासपुरा स्थित आवासीय कलोनियों की मरम्मत की बात कही। उपायुक्त ने हरदासपुर में नए आवासीय भवनों को निर्मित करने की संभावनाओं को तलाशने के निर्देश देते हुए कहा कि कुछ असुरक्षित भवनों को हटाकर बड़े भवन निर्मित करवाकर कर्मचारियों के आवासों की समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। बैठक में दो फरवरी, 2014 को आयोजित की जाने वाली वन अधिकार समिति की ग्रामसभा के लिए संबंधित अधिकारियों को दी जाने वाली ट्रेनिंग के विषय पर भी व्यापक चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भुवनेश्वरी वोहरा, एडीसी दिप्ती कपूर, एसडीएम बचन सिंह, लोनिवि के अधिशाषी अभियंता एमके मिन्हास, एसडीओ जीत सिंह ठाकुर, तहसीलदार मनोज कुमार, डीआरडीए पीओ राम प्रसाद शर्मा, नप के जेई अनिल गौतम व रूप लाल मौजूद रहे।
बैठक में ये मुद्दे गूंजे
उपायुक्त ने बैठक में डाटा ऑपरेटर की नियुक्तियों, तहसीलदारों व नायाब तहसीलदारों के मोबाइल चार्ज, रिकार्ड रूम की विद्युत व्यवस्था, मशरूम केेंद्र के लिए धन राशि आबंटन, रेहड़ी-फड़ी जोन निर्धारण, सीवरेज, पेयजल और गंदे पानी की नालियों के रखरखाव, उपायुक्त प्रांगण में अनाधिकृत वाहनों की पार्किंग वर्जित करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
