
कुल्लू। जिले के सभी ऑटो आपरेटरों ने सोमवार को टैक्स वृद्धि के विरोध में ऑटो पूरी तरह बंद रखे। इस दौरान आपरेटरों ने एडीएम कुल्लू विनय सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को एक ज्ञापन भी भेजा। कुल्लू में दिनभर ऑटो न चलने के कारण लोगों को खासी दिक्कत हुई। यूनियन के अध्यक्ष अमर ठाकुर ने बताया कि सोमवार को टैक्स वृद्धि के खिलाफ सभी आपरेटरों ने हड़ताल की। उन्होंने कहा कि नए कानून में टैक्स को 600 रुपये से बढ़ाकर 7500 रुपये किया गया है, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इतना अधिक टैक्स देना ऑटो ऑपरेटरों के बस की बात नहीं है। टैक्स वृद्धि से एक तो ऑटो चालकों की रोजी-रोटी छिन जाएगी। साथ ही यात्रियों पर भी टैक्स वृद्धि की मार पड़ेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से टैक्स वृद्धि वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने टैक्स वृद्धि वापस नहीं ली तो ऑटो ऑपरेटर इसका विरोध करेंगे। इस दौरान ऑटो यूनियन भुंतर के प्रधान प्रेम वर्धन, कुल्लू यूनियन के उपप्रधान राजकुमार, महासचिव संजय कपूर, सचिव यशवंत सिंह तथा जिले के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
भुंतर टैक्सी यूनियन ने किया विरोध-प्रदर्शन
भुंतर (कुल्लू)। टैक्स वृद्धि के विरोध में भुंतर के करीब ढाई सौ टैक्सी ऑपरेटरों ने हड़ताल की। इस दौरान टैक्सी ऑपरेटरों ने भुंतर टैक्सी यूनियन के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया। टैक्सी यूनियन भुंतर के प्रधान दीवान सिंह गुलेरिया ने प्रदेश सरकार से टैक्स वृद्धि शीघ्र वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि कामर्शियल वाहनों के टैक्स में की गई इतनी भारी वृद्धि उचित नहीं है। इससे तो टैक्सी ऑपरेटरों का कारोबार ठप हो जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से टैक्स वृद्धि को शीघ्र वापस लेने की मांग की। इस दौरान भुंतर टैक्सी यूनियन के महासचिव जगदीश शर्मा, उपप्रधान लुदर ठाकुर, कार्यालय प्रभारी दलीप सिंह गुलेरिया और प्रेस सचिव पवन राणा समेत अन्य टैक्सी ऑपरेटर मौजूद थे।
