मौका देखने गए पुलिस कर्मी ही पीट डाले

धर्मशाला। पुलिस थाना धर्मशाला में टंग पंचायत के दो वार्ड पंचों सहित सात लोगों के खिलाफ मारपीट करने के दो मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार कुलतार सिंह निवासी टीका बणी अपनी गाय लेकर जा रहा था तो इक्कू पुल के पास टंग पंचायत के दो वार्ड पंच चरणू और राजू ने कुछ लोगों सहित उसके साथ मारपीट की। उसके बाद मौके का जायजा लेने गए योल चौकी के मुख्य आरक्षी और होम गार्ड जवानों पर भी उन लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। पुलिस थाना धर्मशाला में टंग पंचायत के दो वार्ड पंचों सहित सात लोगों के खिलाफ मारपीट करने के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। योल चौकी के मुख्य आरक्षी अशोक कुमार ने बयान दर्ज करवाया है कि जब वह कुलतार सिंह की शिकायत पर मौका देखने पहुंचा तो चरणू और राजू ने अपने साथियों के साथ उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके चलते उनको और होम गार्ड के जवानों को चोटें आई हैं। पुलिस ने टंग पंचायत के वार्ड पंच चरणू आरै राजू सहित सात लोगों के खिलाफ पुलिस कर्मी से ड्यूटी पर मारपीट करने और व्यक्ति की शिकायत पर मारपीट करने के अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एडिशनल एसपी शिव कुमार शर्मा ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धारा 332, 353, 147, 341, 323, 147, 149, 427, 506 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चरणू और राजू को गिरफ्तार लिया है, जबकि पांच अन्य आरोपियों को तलाश जारी है।

Related posts