
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ तहसील कार्यालय में आनलाइन कंप्यूटर सेवा प्रणाली में खराबी आ जाने के कारण पिछले दस दिनों से लोगों के राजस्व संबंधी कोई भी काम नहीं हो रहे हैं। इससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। तहसील कार्यालयों में अब सभी प्रकार के कार्य कंप्यूटर से ही किए जाते हैं और इसके सर्वर में कोई खराबी आ जाने की स्थिति में कोई भी कार्य नहीं हो पाता है। यहां तहसील कार्यालय में तकनीकी खराबी आ जाने से पिछले दस दिनों से कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। दूरदराज से आने वाले लोगों की न तो रजिस्ट्री आदि ही हो पा रही है और न ही अन्य प्रकार के प्रमाण पत्र बन रहे हैं। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से इस खराबी को तुरंत दूर करने की गुहार भी लगाई। बावजूद इसके दस दिन बीत जाने के बाद भी इस खराबी को दूर नहीं किया जा सका है। लोगों का कहना है कि कंप्यूटर में खराबी आ जाने की स्थिति में मैन्यूल कार्य करने की कोई व्यवस्था विभाग को करनी चाहिए, जिससे लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े ।
इस बारे में तहसीलदार राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि इंजीनियर को खराबी दूर करने के लिए बुलाया गया था और उसने जांच कर ली है। इंजीनियर ने सोमवार को मरम्मत में लगने वाला पार्ट्स लाकर तकनीकी खराबी को ठीक करने की बात कही है। उम्मीद है कि शीघ्र यह समस्या दूर हो जाएगी।
