
सलूणी (चंबा)। बारिश व बर्फबारी के बाद किसान-बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। मौसम खुलते ही किसान-बागबान आगामी दिनों में उगाई जाने वाली फसलों के प्रबंध मे जुट गए हैं। इन दिनों किसान सलूणी में आलू के बीज पर टूट पड़े हैं। सलूणी में कृषि विभाग के कार्यालय में अब तक 1200 क्विंटल आलू का बीज बिक चुका है। हाल में हुई बर्फबारी किसान व बागवानों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। जिला चंबा के लिए मनाली में स्थित गोदाम से लाहौल के अच्छी किस्म के आलुओं का 1900 क्विंटल बीज लाया गया था। इसमें से 1200 क्विंटल सलूणी में ही बिक चुका है। उद्योग विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बर्फबारी से सेब व अन्य फसलों की बंपर पैदावार होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। बर्फबारी व बारिश से जमीन में नमी बनी रहती है। कृषि विभाग का कहना है कि किसानों को पर्याप्त आलुओं का बीज मुहैया करवाया जाएगा। किसानों को कोई भी समस्या हो तो वे कृषि विभाग से संपर्क कर सकते हैं। किसान मोर्चा सलूणी के अध्यक्ष प्रह्लाद भगत शर्मा, बागबान ज्ञान चंद, तुला राम, राजेंद्र पटियाल, सुरेंद्र कालिया, मान सिंह, प्रभिया, दुनी, परस राम, भगत राम, पूर्ण चंद, बकतावर, बंशी लाल, राम दियाल, बेंसु ने बताया कि जब दिसंबर और जनवरी माह के शुरूआत में बर्फबारी होती है, तो आगामी सेब व अन्य फसलों की अच्छी पैदावार होती है। इस बारे में कृषि विषय वाद विशेषज्ञ हंस राज ने बताया कि सलूणी इलाके में 1200 क्विटंल आलू का बीज बिक चुका है। इसमें 800 क्विंटल बीज पर 900 रुपये और 400 क्विंटल बीज पर 200 रुपये अनुदान किसानों को दिया गया है।
उधर, उद्यान विकास अधिकारी अनुराग ने बताया कि बर्फबारी सेब के लिए वरदान है और इन दिनों कटिंग का कार्य चला हुआ है। उन्होंने बताया कि सेब के पौधे लेने वाले बागवान विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
इंसेट …
चंबा से खरीदें आलू का बीज :
कृषि विभाग के उप निदेशक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि बताया कि आलू के बीज पर विभाग अनुदान देता है। किसान विभाग के चंबा कार्यालय से आलू का बीज खरीद सकता है।
