
ददाहू (सिरमौर)। जंगल से घास लेकर लौट रही युवती पर भालू ने हमला कर घायल कर दिया है। शनिवार देर शाम हुई इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। इसके बाद युवती को ददाहू अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कसौली के लिए रेफर कर दिया।
शनिवार देर शाम ददाहू के खूड़ गांव की महिलाएं जंगल से घास लेकर घर लौट रही थी। कुछ महिलाओं ने आराम करने के बहाने सड़क किनारे पैरापिट पर घास को रख दिया। इस बीच महिलाओं के साथ घास ला रही 18 वर्षीय ऊषा देवी पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने युवती के मुंह और होंठों पर अपने पंजे गाड़ दिए। अन्य महिलाओं के शोर मचाने के बाद बुरी तरह से घायल ऊषा देवी को 108 एंबुलेंस की सहायता से ददाहू अस्पताल पहुंचाया गया।
ददाहू चिकित्सालय में युवती का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सीआरआई कसौली के लिए रेफर कर दिया। ददाहू चिकित्सालय के चिकित्सक अमित राज शर्मा ने बताया कि युवती को बेहतर इलाज के लिए सीआरआई कसौली रेफर किया गया है।
उधर ददाहू से सटे खूड़ गांव में शनिवार देर शाम भालू के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्हें हर रोज जंगल से गुजरना पड़ता है। विशेषकर महिलाओं को लकड़ी और घास लाने के लिए दिन भर जंगलों में रहना पड़ता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की मांग की है।
