
मंडी। सराज क्षेत्र की करीब आधा दर्जन पंचायतों में मनरेगा के तहत काम करने वाले लोगों को मजदूरी का भुगतान न होने से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र में एकमात्र राज्य सहकारी बैंक की शाखा का एफएससी कोड न होने से मनरेगा मजदूरी की आनलाइन पेमेंट में दिक्कतें आ रही हैं। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने बैंक प्रबंधक से मिलकर शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग की है।
ग्राम सुधार सभा के प्रधान पूर्ण चंद, मोती राम, कृष्ण कुमार और पुष्पराज ने कहा कि पंचायत बागाचनौगी, शिवाथान, भाटकीधार, शिल्ह बागी और जैसला में कई महीनों से मनरेगा के तहत काम करने वाले लोगों को मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ। लोगों को मजदूरी के लिए बार-बार बैंक और पंचायत कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में राज्य सहकारी बैंकी की एक मात्र शाखा है। अन्य बैंकों की यहां पर कोई शाखा नहीं है। सहकारी बैंक में एफएससी कोड न होने से आनलाइन पेमेंट नहीं हो रही है। लोगों ने बैंक प्रबंधक आरएस शर्मा ने मुलाकात कर शीघ्र आनलाइन पेमेंट करने की मांग की है।
