
नई दिल्ली (निहाल सिंह): लोकसभा चुनाव में दिल्ली में जीत सुनिश्चित करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) कोई भी मौका छोडऩा नही चाहती है। इसलिए पार्टी जल्द ही दिल्ली विधानसभा में वर्षों से धूल खा रहे जनलोकायुक्त बिल को ला सकती है। पार्टी के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार गणतंत्र दिवस के आस पास जनलोकपाल बिल को पास करने की कोशिश की जा सकती है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार आम आदमी पार्टी इस माह के अंत यानि 20 जनवरी तक विधानसभा का विशेष सत्र बुला सकती है।
इसके लिए बिल लाने की तमाम तरह की तैयारियों और बारीकियों पर काम किया जा रहा है। पार्टी उन सभी पहलुओं पर चर्चा कर रही है, जिनसे इस जनलोकपाल बिल को मजबूती से विधानसभा में लाकर पास करवाया जा सके। सूत्रों का यह भी कहना है कि बिल को ड्राफ्ट करने के लिए पार्टी ने इंटरनल कमेटी भी बना दी गई है, जो बिल के तमाम पहलुओं को देखकर मजबूत बिल बनाने का काम कर रही है।
पार्टी के सूत्रों का दावा है कि आने वाले 15 दिन के भीतर जनलोकपाल बिल को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। पार्टी के नेता रामलीला मैदान में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर जनलोकपाल बिल को पास करने की बात भी कह चुके है।
एक महीने लेट हो गए केजरीवाल :
विधानसभा चुनाव में केजरीवाल कह रहे थे कि जैसे ही उनकी सरकार बनेगी, वह पन्द्रह दिन के भीतर जनलोकपाल बिल को लागू कर देंगे। लेकिन करीब चौहद दिन बीत चुके है। लेकिन अभी तक इस पर कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरु तक नहीं की गई है।
