टिपर से कुचलकर पूर्व प्रधान की मौत

गोहर (मंडी)। मौवीसेरी के मरींटी में सड़क पार कर रहे एक वृद्ध की टिपर की चपेट में आने से मौत हो गई। टिपर चालक अपना टिपर बैक कर रहा था। पिछले टायर की चपेट में वृद्ध आ गया और उसकी टायर के नीचे कुचल जाने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त 80 वर्षीय शरण दास निवासी मौवीसेरी के रूप में हुई है। मृतक मौवीसेरी पंचायत का पूर्व प्रधान भी था। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर जाकर टिपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मौवीसेरी में टिपर नंबर एचपी31- बी 0241 को चालक ठाकर दास बैक कर रहा था। इस दौरान मौवीसेरी पंचायत का पूर्व प्रधान शरण दास सड़क पार कर रहा था कि अचानक वह टिपर के पिछले टायर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। वृद्ध के टायर के नीचे आने से मौवीसेरी गांव के लोगों में अफरा तफरी मच गई। आसपास खड़े लोगों ने जब शोर मचाना शुरू किया तो टिपर चालक ने वाहन रोका। लेकिन तक तब टायर के नीचे आने से वृद्ध शरण दास की मौत हो गई थी।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौवीसेरी पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और टिपर तथा उसके चालक को हिरासत में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार एवं कार्यकारी एसडीएम गोहर अनिल भारद्वाज ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को फौरी राहत के रूप में दस हजार रुपये की राशि दी। गोहर थाना के एसएचओ नवीन झालटा ने बताया कि टिपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts