
सुंदरनगर (मंडी)। जिला पैरा टीचर एसोसिएशन के प्रधान भीमदेव गौतम ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि वह 31 दिसंबर को दस साल पूरा कर चुके पैरा टीचरों को तत्काल नियमित करने के आदेश जारी करें। शुक्रवार को सुंदरनगर के जवाहर पार्क में एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर एसोसिएशन से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चरचा की गई। इस अवसर पर प्रस्ताव पारित कर सरकार से मांग की गई कि वह चुनाव घोषणापत्र जिसमें उसने आठ साल पूरे कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने की बात कही है उसे अमलीजामा पहनाया जाए। इस मौके पर भीमदेव गौतम ने कहा कि पूर्व की धूमल सरकार ने अपने शासनकाल में पैरा टीचरों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। इस कारण यह वर्ग आठ साल पूरा करने पर भी नियमितिकरण की राह देखता रहा। लेकिन पूर्व सरकार ने इस वर्ग को कोई राहत नहीं दी। एक साल पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार बनी तो इस वर्ग को एक नई आस जगी थी लेकिन इसके पूरा न होने से यह वर्ग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार का कहना है कि उसने अपने घोषणा पत्र को सरकारी दस्तावेज बना दिया है तो ऐसे में आठ साल पूरा कर चुके पैराटीचरों को नियमित करने में देरी क्यों लगाई जा रही है। उन्होंने सरकार से पुरजोर मांग की है कि वह लोस चुनाव से पूर्व आठ साल पूरा कर चुके पैराटीचरों को नियिमित करने की घोषणा करें। शीघ्र ही एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से इस मांग को लेकर शिमला में जाकर मिलेगा। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष रूपलाल चौहान, महासचिव करुण शर्मा, सुंदरनगर ब्लॉक के अध्यक्ष सूरज नायक, महासचिव प्रवीण शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य लेखराज, बालक राम, हरबंस लाल, दिलाराम, गिरधारी लाल, सुभाष कुमार, तारा चंद और बौद्धराज मौजूद रहे।
