हिल्सक्वीन में ऑफ सीजन डिस्काउंट शुरू

शिमला। हिल्सक्वीन में सैलानियों के लिए ऑफ सीजन डिस्काउंट शुरू हो गया है। शहर में स्थित पर्यटन विकास निगम के होटलों और निजी होटलों में सैलानियों को 35 से 50 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। राजधानी की ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ने भी सैलानियों को रियायती दरों पर आकर्षक पैकेज देने शुरू कर दिए हैं।
क्रिसमस और न्यू ईयर पर हिल्सक्वीन में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने के बाद अब ऑफ सीजन डिस्काउंट का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों में ठहरने वाले सैलानियों को 35 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। राजधानी शिमला में स्थित एचपीटीडीसी के प्रतिष्ठित होटल हॉली डे होम और पीटरहाफ में स्पेशल आफ सीजन डिस्काउंट जारी कर दिया गया है। होटल हॉली डे होम में सैलानियों को कमरों के तय किराये में 10 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। होटल पीटरहाफ में डिस्काउंट की दर 35 फीसदी तक तय की गई है। इतना ही नहीं, जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों में स्थित निगम के होटलों में सैलानियों को 35 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। उधर, शहर के प्राइवेट होटलों में भी सैलानियों को रियायती दरों पर कमरे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। होटल सैलानियों को 40 से 50 फीसदी तक डिस्काउंट दे रहे हैं। राजधानी के ट्रेवल एजेंटों ने भी सैलानियों के लिए सस्ती दरों पर आकर्षक पैकेज जारी किए हैं।

एचपीटीडीसी होटलों में 35 फीसदी तक डिस्काउंट
एचपीटीडीसी होटलों में सैलानियों को 35 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। राजधानी शिमला के होटल हॉली डे होम में 10 फीसदी और पीटरहाफ में 35 फीसदी डिस्काउंट पर कमरे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
– योगेश बहल
महाप्रबंधक, एचपीटीडीसी

40 से 50 फीसदी तक दे रहे डिस्काउंट
ऑफ सीजन के दौरान शिमला में सैलानियों को 40 से 50 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। इन दिनों होटलों में आक्यूपेंसी करीब 50 फीसदी तक है। बर्फबारी होने पर सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
– हरनाम सिंह कुकरेजा
अध्यक्ष, होटलियर एसोसिएशन शिमला

सैलानियों को दे रहे आकर्षक पैकेज
आफ सीजन में सैलानियों को रियायती दरों पर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। सस्ती दरों पर सैलानियों को आकर्षक पैकेज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
– मनु सूद, महासचिव
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन

Related posts