
बिलासपुर। जिला मुख्यालय के नजदीकी कुनाला में अज्ञात चोरों ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक दुकान के बाहर खड़ी की गई बोलेरो पिकअप जीप उड़ा ली। जीप मालिक ने चोरी की शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई है, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी चोरी हुई गाड़ी का अभी कोई सुराग नहीं चल पाया है।
जबली निवासी प्रेमलाल चौधरी के अनुसार कुनाला में उनकी हार्डवेयर की दुकान है। सामान की ढुलाई के लिए उन्हाेंने बोलेरो पिकअप एचपी-24सी-1345 रखी थी, जिसे वह रात को दुकान के प्रांगण में ही खड़ा रखते थे। गत पांच जनवरी की शाम वह रोजमर्रा की तरह दुकान बंद करके घर चले गए। छह जनवरी को दुकान खोलने के लिए कुनाला पहुंचने पर गाड़ी वहां से गायब पाई गई। उन्होंने अपने स्तर पर गाड़ी ढूंढने के लिए खूब दौड़ धूप की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। इस पर उन्हाेंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बहरहाल, प्रेमलाल चौधरी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जीप चोरी के मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
