
सिहुंता (चंबा)। पंजला-कियोड़ मार्ग पर एक वैन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इससे दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा छह लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को टांडा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को वैन संख्या एचपी 37 ए-8417 टुंडी से कियोड़ की ओर जा रही थी। दोपहर ढाई बजे के करीब छोंटलू के पास पहले वैन अनियंत्रित होकर चट्टान से टकराई और फिर 250 फुट गहरे नाले में जा गिरी। इससे मिल्खी राम (36) पुत्र विष्णु राम निवासी गांव मालवा पंचायत बनेट की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल हंस राज पुत्र खेलो राम निवासी मालवा को जब समोट अस्पताल लाया गया तो, उसने यहां दम तोड़ दिया। साथ ही वैन में सवार रणीया राम (75) पुत्र हरि सिंह निवासी मालवा, मनोहर लाल (44) पुत्र तुलसी राम, पंकू (छह) पुत्र मनोहर लाल निवासी मालवा को समोट मे प्राथमिक उपचार के बाद टांडा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा मनोज पुत्र धनी राम आयु 26 वर्ष, गौरव पुत्र पवन निवासी राख आयु 13 वर्ष और राजीव पुत्र चमन सिंह निवासी छोंटलू आयु 27 वर्ष को मामूली चोटें आई हैं। इनको प्राथमिक उपचार के बाद घर वापस भेज दिया गया है। चौकी प्रभारी सिहुंता नरूप सिंह गुलेरिया ने बताया कि चालक शाम सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी धारना दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 337, 304 ए के तहत लापरवाही से वाहन चालने का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
