सिपाही ने चाचा-चाची को गोलियों से भूना

बहादुरगढ़। क्षेत्र के खरहर गांव में हरियाणा पुलिस के एक सिपाही ने अपने चाचा और चाची की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। खरहर गांव में हरियाणा पुलिस में कार्यरत दलजीत ने अपने चाचा रामचंद्र और चाची कांता की उनके घर में घुस कर गोलियों से भून कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया।
थाना सदर प्रभारी विजय दहिया ने बताया कि मृतक रामचंद्र के बेटे बसंत ने आरोपी दलजीत की करीब 4 साल की लड़की के साथ गलत हरकत की थी, जिससे दोनों परिवारों में काफी तनाव बढ़ गया था। इसके बाद परिवार के कुछ लोगों ने दोनों पक्षों का समझौता भी करवा दिया था। मगर इसके बाद भी दलजीत अपने दिल से घटना निकाल नहीं पाया। इसी को लेकर दलजीत ने मंगलवार की रात को अपने चाचा व चाची की हत्या कर दी। दोनों को 6 गोलियां मारी गई। दलजीत पानीपत में तैनात है, लेकिन अगस्त महीने से ही वह लगातार ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कई टीमों का गठन किया है। सदर थाना प्रभारी दहिया ने दावा किया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने सामान्य अस्पताल से शवों का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के हवाले कर दिया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है।

पहले थी अनहोनी की आशंका
मंगलवार की रात जो दोहरा हत्याकांड हुआ उस तरह की अनहोनी की आशंका दंपति को पहले से ही थी। क्योंकि छेड़छाड़ की घटना के बाद से ही दलजीत के इरादे को भाप लिया गया था। इसलिए छेड़छाड़ के आरोपी बसंत को उसके घरवालों ने कई दिन से बाहर अंजान जगह भेजा हुआ था, ताकि जब तक मामला शांत न हो जाए तब तक वह बाहर ही रहे। माना जा रहा है कि दलजीत को बसंत हाथ न लगने के बाद उसने उसके माता-पिता को ही निशाना बनाया।

Related posts