
दौलतपुर चौक (ऊना)। जोह खड्ड में मिले एनएसजी कमांडो यशपाल शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। बुधवार को मामले की जांच को लेकर आईजी पुलिस राजेश अग्रवाल ने मौका स्थल का जायजा किया। इस दौरान उनके साथ डीएसपी अंब मदन लाल कौशल तथा गगरेट थाना के प्रभारी विश्वास वालिया भी मौजूद रहे। उन्होंने काफी देर तक घटना स्थल पर निरीक्षण लिया। कांगड़ा जिले के स्वाणा गंाव के रहने वाले यशपाल शर्मा पुत्र धर्मपाल का 12 फरवरी 2013 को रहस्यमयी परिस्थितियों में शव जोह खड्ड में मिला था। 11 माह बीत जाने पर भी स्थानीय पुलिस मामले से पर्दा नहीं उठा पाई। मृतक के पिता धर्मपाल की शिकायत पर बुधवार शाम को आईजी पुलिस राजेश अग्रवाल सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। मृतक के पिता धर्मपाल ने बताया कि मृतक यशपाल उस दिन घर से ऊना रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन के लिए रवाना हुआ था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा और अगले दिन उनको उनके बेटे का शव जोह खड्ड में मिला। धर्मपाल ने बताया कि जिस प्रकार उसके बेटे का शव जोह खडड् की सुनसान जगह पर पाया, उससे साफ जाहिर होता है कि उनके बेटे की हत्या की गई है।
