
अंब (ऊना)। स्थानीय कस्बे में स्थापित एक झुग्गी में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से आठ वर्षीय बच्ची जिंदा जल गई। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से झुग्गी में रखा सारा सामान भी राख में तबदील हो गया है। इससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले पर छानबीन की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शोभाराम निवासी घनारी, बदांयू (उत्तर प्रदेश) काफी समय से अंब में रह रहा है। उसके साथ उसकी पत्नी और तीन बच्चे झुग्गी में रहते हैं। सोमवार रात आठ वर्षीय चंद्रवती खाना खाने के बाद पढ़ाई कर रही थी। पत्नी व दो बच्चे अलग सो रहे थे जबकि शोभाराम झुग्गी के पास एक घर के बाहर सो रहा था। रात के करीब 11 बजे अचानक झुग्गी में आग लग गई जिससे चंद्रवती चपेट में आ गई। शोभाराम ने झुग्गी से लपटें देखीं तो वह झुग्गी की तरफ भागा। अन्य प्रवासी लोगों की मदद से महिला और दो बच्चों को तो बाहर निकाल लिया लेकिन एक बच्ची आग की चपेट में आ गई। कड़ी मशक्कत के बाद उसे भी बाहर निकाल लिया गया लेकिन तब तक उसने प्राण त्याग दिए थे। अंब डीएसपी मदन कौशल ने खबर की पुष्टि की। बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर अंब पंचायत के प्रधान रमन कुमार ने घटना पर शोक व्यक्त किया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की अपील की। मौके पर पहुंचे अंब के तहसीलदार मनोज ठाकुर एवं पटवारी सतीश कुमार ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर बर्तन, कपड़े एवं राशन के लिए मदद दी।
