
भतरौंजखान। यहां से 15 किमी दूर भतरौंजखान-रामनगर मार्ग के पनुवाजौखन के पास जीएमओयू की एक बस शनिवार को 50 फिट गहरी खाई में गिर गई। जिसमें 17 लोग घायल हो गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति के पैर की हड्डी टूट गई। जबकि अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को रामनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक जीएमओयू की बस संख्या यूके 04-पीए-0032 शनिवार सुबह 10 बजे चौखुटिया से रामनगर की ओर जा रही थी। पुनवाजौखन के पास स्टेयरिंग फेल हो जाने से बस 50 फिट गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें 17 लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंक की मदद से नागरिक चिकित्सालय रामनगर में भर्ती कराया गया। घायलों में चालक नंदन सिंह निवासी सिमलखेत पंडुवाखाल, परिचालक नरेंद्र सिंह निवासी बहुआवाण माईथान, मो. आरिफ निवासी खानपुर टांडा, पूरन सिंह निवासी महरखोला ताड़ीखेत, माधवी देवी निवासी पटोली बेतालघाट, हेमा रावत और कमला देवी निवासी कैनरेमासी, रमेश शाही और दीपक थापा निवासी टाटापानी नेपाल, रमेश चंद्र और दीपक मठपाल निवासी सिनार भिकियासैंण, बालम नेगी विजयकनोली रानीखेत, अमर सिंह कबडोली मासी, दानिश ढटिया ठाकुरद्वारा, लक्ष्मण मेहरा सनरेमहरखोला, पारस माझी सुरखेत नेपाल, रीता पटोली बेतालघाट शामिल हैं।
थानाध्यक्ष रमेश चंद्र बोरा ने बताया कि गंभीर घायलों को पुलिस रामनगर ले गई है। जबकि समान्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दो लोगों को 108 सेवा से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भतरौंजखान लाया गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
——
जानलेवा हो रही है सड़क
भतरौंजखान। पनुवाजौखन में जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई इस स्थान से 200 मीटर दूर एक सप्ताह पूर्व एक डंपर दुर्घनाग्रस्त हो गया था जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी। जबकि चार लोग घायल हो गए थे। जिसमें दो बच्चों का अभी भी हल्द्वानी में उपचार चल रहा है। इस स्थान पर बस दुर्घटना होने की सूचना मिलने पर लोग सकते में आ गए क्योंकि इस स्थान पर काफी गहरी खाईयां। दुर्घटना में किसी के हताहत नहीं होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
