
मंडी। बल्ह क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजगढ़ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर प्रकाश चौधरी ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे मन लगाकर मेहनत के साथ शिक्षा ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि रिवालसर में कॉलेज खोलने की अधिसूचना जारी कर दी गई है तथा कॉलेज के लिए भवन का निर्माण शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा। 38 लाख की लागत से बनने वाली चुवाड़ी तथा 73 लाख से बनने वाली कुम्मी पेयजल योजनाएं मंजूर हो चुकी हैं। 91 लाख की सिंहा-लौहारा तथा 66 लाख से बनने वाली भियूरा पेयजल योजना की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। चंडयाल-कांडी-तारापुर सड़क का निर्माण नाबार्ड में किया जाएगा। कुम्मी में 5 लाख 90 हजार की लागत से पशु औषधालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने स्कूल में स्टेज तथा बाक्सिंग रिंग के निर्माण के लिए 2 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल में निर्माणाधीन साइंस ब्लॉक का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। स्कूल की चारदिवारी तथा परीक्षा हॉल के निर्माण के लिए धनराशि मंजूर करने का भरोसा दिया। स्कूल के प्रधानाचार्य हेम सिंह जम्वाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर एसएमसी के प्रधान मनीष कुमार, बल्ह कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, महासचिव रोशन भारती मौजूद रहे।
